कोफोर्ज ने गुरुग्राम में किया ‘द कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी’ का उद्घाटन, एक अनोखी पहल जो सब को ज्ञान और आजीवन सीखने की नि:शुल्क सुविधा प्रदान करेगी

गुरुग्राम, 7 जून 2025: कोफोर्ज लिमिटेड (एनएसई: COFORGE), जो डिजिटल सेवाओं और समाधानों में एक वैश्विक अग्रणी कंपनी है, ने आज गुरुग्राम में ‘द कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी’ का उद्घाटन किया — यह एक अनोखी सार्वजनिक लाइब्रेरी है, जो बादशाहपुर चौक, सोहना रोड, सेक्टर 48, गुरुग्राम के पास स्थित है।
कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी, कोफोर्ज की एक प्रमुख सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) पहल है। पिछले वर्ष फरवरी 2024 में, पहली कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी का उद्घाटन नोएडा में किया गया था। यह उसी पहल के तहत उद्घाटित की जाने वाली दूसरी लाइब्रेरी है।
कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी, गुरुग्राम का उद्घाटन कोफोर्ज की ग्लोबल हेड – ब्रांडिंग और सीएसआर, अनुराधा सहगल द्वारा किया गया, जिसमें स्थानीय स्कूलों और समुदायों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। लॉन्च के अवसर पर बोलते हुए, अनुराधा ने इस परियोजना के पीछे की प्रेरणा साझा की:“कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी एक दिल से निकली पहल है, जो कोफोर्ज की सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस स्थान को बहुत प्रेम और देखभाल के साथ डिज़ाइन किया गया है, और इसमें 16,000 पुस्तकों का संग्रह बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया है। आज हम गुरुग्राम के लोगों के लिए इसके द्वार खोलकर अत्यंत प्रसन्न हैं। हमें आशा है कि यह सुंदर स्थान ज्ञान और आजीवन सीखने का एक पवित्र स्थल बनेगा; और यह हर उम्र और हर पृष्ठभूमि के लोगों को पुस्तकों की अद्भुत दुनिया में डूबने के लिए प्रेरित करेगा — जो सदियों से ज्ञान और बुद्धिमत्ता का एक विश्वसनीय स्रोत रही है।”

गुरुग्राम के सेक्टर 48 में, बादशाहपुर, सोहना रोड हाईवे पर स्थित बेस्टेक बिज़नेस सेंटर की ग्राउंड फ्लोर पर बनी यह लाइब्रेरी 15,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैली हुई है और इसमें 160 लोगों के बैठने की सुविधा है। यह लाइब्रेरी सुंदर इंटीरियर्स और भरपूर रोशनी से सुसज्जित है, जिसकी बड़ी खिड़कियाँ बाहर के हरियाली भरे नज़ारों का आनंद देती हैं। लाइब्रेरी के गलियारे चौड़े रखे गए हैं ताकि व्हीलचेयर की आसान पहुंच सुनिश्चित की जा सके। यहाँ iPads के ज़रिए हज़ारों डिजिटल टाइटल्स तक पहुँच उपलब्ध है। इसके अलावा, बच्चों के लिए एक विशेष ज़ोन भी बनाया गया है, जहाँ वे खेल-खेल में किताबों की दुनिया से जुड़ सकें और सीखने की प्रेरणा पा सकें।
इस लाइब्रेरी में 16,000 से अधिक पुस्तकों का एक समृद्ध संग्रह है, जिसमें 2,000 हिंदी पुस्तकें भी शामिल हैं। यह संग्रह सभी लोकप्रिय विधाओं को कवर करता है — जैसे कि फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बच्चों का साहित्य, सेल्फ-हेल्प, बिज़नेस, आध्यात्म, कला, तकनीक, फोटोग्राफी, कविता और बहुत कुछ। इस संग्रह में 13,000 से अधिक विशिष्ट लेखकों की रचनाएँ शामिल हैं, जो 350 से अधिक प्रमुख प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित की गई हैं — जिनमें पेंगुइन, हार्पर कॉलिन्स, अमर चित्र कथा, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस और साहित्य अकादमी जैसे नाम शामिल हैं। लाइब्रेरी पूरी तरह से डिजिटाइज़्ड है, जिससे कैटलॉगिंग और प्रबंधन की प्रक्रिया सहज और पाठकों के लिए सुविधाजनक बनती है।

लाइब्रेरी सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेगी। कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी का गूगल मैप लोकेशन यहां देखा जा सकता है।
कोफोर्ज के सीईओ और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, सुधीर सिंह ने कहा: “कोफोर्ज पब्लिक लाइब्रेरी हमारे इस विश्वास को दर्शाती है कि ज्ञान तक पहुंच सामाजिक परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम है। इसका उद्देश्य भारत की समग्र विकास यात्रा में योगदान देना है — ताकि हर वर्ग के व्यक्ति को ज्ञान प्राप्त करने, सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। हमारा लक्ष्य पूरे भारत में नि:शुल्क सार्वजनिक लाइब्रेरीज़ का एक स्थायी नेटवर्क बनाना है — जो आशा, समावेशिता और सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रतीक बनें।”
