मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति अभियान के चतुर्थ चरण के अन्तर्गत महिला सशक्तिकरण रैली का शुभारम्भ किया…

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की परम्परा में वर्ष में दो बार शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां भगवती दुर्गा के अनुष्ठान आयोजित होते हैं। यह मातृशक्ति के प्रति प्रत्येक भारतीय के मन में विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 में महिला सम्बन्धी अपराधों को नियंत्रित करने की दृष्टि से ‘मिशन शक्ति’ अभियान प्रारम्भ किया था। इसकी थीम सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन है। इन तीन आयामों को लेकर यह अभियान चलाया गया। आज के कार्यक्रम का उद्देश्य कल से प्रारम्भ होने वाले ‘मिशन शक्ति’ अभियान के चतुर्थ संस्करण के प्रति जागरूकता का प्रसार करना है।

मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर मिशन शक्ति अभियान के चतुर्थ चरण के अन्तर्गत महिला सशक्तिकरण रैली का शुभारम्भ करने से पूर्व अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हुआ है। महिला सम्बन्धी अपराधों को नियंत्रित करने और अपराधियों को दण्डित करने में प्रदेश, देश के अग्रणी राज्यों में है। प्रदेश के मिशन शक्ति अभियान की सफलता का परिणाम है कि आज भारत सरकार ने भी महिला सुरक्षा के लिए चलने वाले अभियान का नाम मिशन शक्ति रखा है। यह इस बात को दर्शाता है कि यदि हम कोई भी ऐसा इनीशिएटिव लेंगे जो समाज के सम्मान और स्वावलंबन से जुड़कर व्यापक जागरूकता का कारण बनेगा, तो उसको राष्ट्रव्यापी बनने में देर नहीं लगती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों को समय पर सही जानकारी प्रदान की जानी चाहिए। आज इसीलिए प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ महिला सुरक्षा के लिए यह जागरूकता रैली निकाली जा रही है। इसके उपरांत प्रत्येक जनपद में कार्यक्रम होंगे। स्कूल और विद्यालयों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इन जनपदों में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े हुए क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

Share This Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *